भीमकुंड के जंगल में ड्रोन उड़ाकर तेंदुए की तलाश करती वन विभाग की टीम स्रोत विभाग
हस्तिनापुर। लगातार हो रही बारिश और गंगा का जलस्तर बढ़ने से निचले इलाकों में पानी भर गया है। इसके चलते वन्यजीव सुरक्षित ठिकानों की तलाश में आबादी की ओर रुख कर रहे हैं। पिछले एक सप्ताह के दौरान हस्तिनापुर वन्यजीव अभयारण्य से सटे कई गांवों में तेंदुए की मौजूदगी की सूचना मिलने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। वन विभाग लगातार निगरानी कर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दे रहा है।
वन विभाग के अनुसार मालीपुर, महमूदपुर सिखेड़ा, भीकुंड और सराय खादर समेत कई गांवों में पिछले एक सप्ताह के दौरान तेंदुआ दिखाई देने की सूचनाएं मिली हैं। सबसे अधिक दहशत भीकुंड गांव में है, जहां ग्रामीणों ने तेंदुए के घूमने की जानकारी वन विभाग को दी। शनिवार को वन क्षेत्राधिकारी खुशबू उपाध्याय के नेतृत्व में वन दरोगा ऋषभ टीम के साथ मौके पर पहुंचे और ड्रोन कैमरे की मदद से क्षेत्र की निगरानी की। हालांकि तलाशी के दौरान तेंदुआ वहां नहीं मिला।
वन क्षेत्राधिकारी खुशबू उपाध्याय का कहना है कि हस्तिनापुर वन्यजीव अभयारण्य से सटे गांवों में तेंदुए की गतिविधियों की सूचना मिल रही है। विभाग की टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं तथा ग्रामीणों को सतर्क रहने और किसी भी सूचना की तत्काल जानकारी वन विभाग को देने के निर्देश दिए गए हैं।