रोहटा। बजाज शुगर मिल किनौनी द्वारा जारी इंडेंट के चलते तौल के पहले दिन ही किसान क्रय केंद्रों पर गन्ना लेकर नहीं पहुंचे। मिल में 31 अक्तूबर को पेराई सत्र शुरू होना है। जिसके लिए 44 क्रय केंद्रों के लिए इंडेंट जारी किया गया था। 29 अक्तूबर से एडवांस गन्ना खरीद होनी थी।
किनौनी मिल को 191 क्रय केंद्र गन्ना विभाग द्वारा आवंटित हैं। गन्ना समिति के माध्यम से मिल की डिमांड पर इंडेंट जारी किया था। पर पहले दिन किसान केंद्रों पर गन्ना लेकर नहीं पहुंचे। गन्ना क्रय केंद्र मंगलवार को खाली पड़े रहे। मिल ने एडवांस गन्ना खरीद के लिये 29 और 30 अक्तूबर की तौल के लिये इंडेंट जारी किया हुआ है। गन्ना महा प्रबंधक राजकुमार टाया ने बताया कि जल्द ही सभी क्रय केंद्रों के लिये इंडेंट जारी कर दिया जाएगा। मिल अपनी निर्धारित तिथि पर पेराई सत्र शुरू करने लिए तैयार है।