मेरठ-गढ़ मार्ग पर इंडियन ऑयल पंप पर मिलावटी डीजल देने पर हंगामा
संवाद न्यूज एजेंसी
माछरा। मेरठ-गढ़ मार्ग पर गांव शोल्दा के पास इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप से खरीदे गए डीजल में पानी की मिलावट का आरोप लगा है। किसान मनीष कुमार ने आरोप लगाया कि मिलावटी डीजल के कारण उसका ट्रैक्टर खराब हो गया। इस मामले को लेकर किसान ने पेट्रोल पंप पर विरोध जताया और पुलिस को सूचना दी।
गांव हसनपुर कलां निवासी मनीष कुमार बृहस्पतिवार दोपहर करीब 2:00 बजे 1000 रुपये का डीजल एक कैन में भरकर ले गए थे। उन्होंने यह डीजल अपने ट्रैक्टर में डाला और खेत की जोताई के लिए निकले। कुछ दूर जाने पर उनका ट्रैक्टर अचानक रास्ते में ही बंद हो गया। मनीष ने ट्रैक्टर को दोबारा चालू करने की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हुए। उन्होंने एक मिस्त्री को बुलाया, जिसने जांच के बाद डीजल में पानी होने की बात कही। इसके बाद मनीष तुरंत शोल्दा पेट्रोल पंप पहुंचे और कर्मियों से शिकायत की। उन्होंने पीआरवी 112 और माछरा पुलिस चौकी को भी सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और मामला शांत कराया।
पुलिस ने इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप मालिक डॉ. सोमवीर सिंह को मौके पर बुलवाया। डॉ. सोमवीर सिंह ने किसान से डीजल खरीदने की पर्ची दिखाने के लिए कहा। किसान मनीष के पास कोई पर्ची नहीं थी। किसान ने पर्ची न होने पर सीसीटीवी कैमरे जांचने की मांग की। पुलिस के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हुआ।
कानूनी कार्रवाई और ग्रामीणों की मांग
माछरा पुलिस चौकी इंचार्ज हेमंत सागर ने कहा कि यदि किसान की तरफ से पंप के खिलाफ तहरीर आती है तो कानूनी कार्रवाई की जाएगी। सपा नेता अभिषेक भाटी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पंप पर एकत्रित हुए ग्रामीणों ने भी किसान का समर्थन किया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि उन्हें दिए जा रहे तेल से उनके वाहनों के माइलेज में लगातार गिरावट आ रही है। उन्होंने मामले की जांच की मांग की।