घर ले जाने को बेटी के सामने गिड़गिड़ाते रहे परिजन
मेरठ। विधायक के परिवार का एक शादीशुदा युवक अपने समुदाय की युवती को लेकर फरार हुआ था। इसका केस नौचंदी थाने में दर्ज है। पुलिस ने प्रेमी-युगल को बरामद कर लिया। यह पता लगते ही परिजन थाने पहुंचे। परिजन बेटी के सामने तीन घंटे तक गिड़गिड़ाते रहे। बेटी से कह रहे थे कि वह बस घर पर लौट आए। जिससे वह कहेगी, उसी से ही शादी कर देंगे। पुलिस बार-बार उन्हें हटाती रही। कोर्ट में 164 के बयान कराने के लिए युवती पुलिस जीप में बैठी तो वे उसके पीछे दौड़ पड़े। युवती नहीं मानी और वह युवक के साथ रहने की जिद पर अड़ी रही। वहीं, कोर्ट में युवती के बयान नहीं हो पाए। अब छह अप्रैल को बयान होंगे। तब तक युवती महिला थाना पुलिस की निगरानी में रहेगी।
मामला नौचंदी थाना क्षेत्र के करीमनगर का है। शहजाद एक सप्ताह पहले जैदी फार्म की युवती के साथ फरार हो गया था। वह एक विधायक के परिवार का युवक बताया गया है। उसके खिलाफ नौचंदी थाने में अपरहण का केस दर्ज है। इस मामले में पुलिस ने पड़ताल की और युवती को सकुशल बरामद कर लिया। आरोपी शहजाद भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। दोनों के बरामद होने की जानकारी मिलते ही युवती के परिजन भी नौचंदी थाने पहुंचे। युवती के परिजनों ने थाने में हंगामा कर दिया। वह बार-बार युवती को 164 के बयान में आरोपी के खिलाफ बयान देने की बात कहते रहे और युवती शहजाद के पक्ष में बोल रही थी। कोर्ट में युवती को ले जाने से पहले नौचंदी थाने में शनिवार दिन भर गहमागहमी रही।
--
युवक ने किया कोर्ट मैरिज का दावा
- पुलिस ने शहजाद से पूछताछ की तो उसने बताया कि उन्होंने कोर्ट मैरिज कर ली है। उनके 10 साल से प्रेम संबंध है। दिल्ली की युवती से तो उसकी जबरन शादी कराई गई थी। अब वह दोनों को साथ रखने को तैयार है। उसने पुलिस से कहा कि उसने अपहरण नहीं किया। सहमति से ही युवती मेरे साथ गई थी और हमने कोर्ट मैरिज कर ली है। इसके प्रमाण भी हमारे पास है।
--
युवती बालिग है। कोर्ट में बयान के बाद ही इस प्रकरण में आगे की कार्रवाई की जाएगी। - देवेश सिंह, सीओ सिविल लाइन