गंगा पुल की एप्रोच रोड जोड़ने की कवायद शुरू
हस्तिनापुर (मेरठ)। भीमकुंड गंगा पुल की धंसी एप्रोच रोड को दुरुस्त करने के लिए रविवार को पीडब्ल्यूडी और राज्य सेतु निगम के चीफ इंजीनियरों ने अन्य अधिकारियों के साथ मौके का निरीक्षण किया। उन्होंने जल्द से जल्द एप्रोच रोड दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
मेरठ बिजनौर को जोड़ने वाले भीमकुंड गंगा पुल की एप्रोच रोड शनिवार दोपहर गंगा में समा गई थी। उसके बाद से पीडब्ल्यूडी और राज्य सेतु निगम के कई अधिकारी गंगा पुल पर डेरा डाले हैं। टूटी एप्रोच रोड को दुरुस्त करने के लिए घंटों विचार विमर्श किया गया। डीएम ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और जल्द आवागमन सुचारू करने के निर्देश दिए थे। रविवार को पीडब्ल्यूडी के चीफ इंजीनियर राजीव कुमार विभाग के दर्जनों इंजीनियरों के साथ स्थिति का जायजा लिया।
उन्होेंने ठेकेदार को निर्देश दिए कि जल्द से जल्द सिल्टिंग कर वायर कैरेट लगाई जाए। ईट और बालू के कट्टे लगाकर कटान को रोका जाए। उसके बाद सड़क को दुरुस्त कराएं। उन्होंने बताया कि एप्रोच रोड की सुरक्षा के लिए यहां पर अभी तक गाइड बांध नहीं बनाए गए। इसका प्रस्ताव शासन के पास लंबित है। एप्रोच रोड को बहने से रोकने के लिए गंगा पुल के दोनों और डी बनानी आवश्यक है। उन्होंने अगले चार दिनों में सड़क को दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
वहीं चांदपुर की ओर के हिस्से की एप्रोच रोड टूटने पर राज्य सेतु निगम के चीफ इंजीनियर संजीव कुमार के नेतृत्व में एक टीम गंगा पुल पहुंची। उन्होंने पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों से विचार-विमर्श किया। चीफ इंजीनियर ने कहा कि एप्रोच रोड टूटने से गंगा पुल को कोई खतरा नहीं है। सेतु निगम की टीम ने पुल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुल के ऊपर पड़ी मिट्टी को साफ करने के निर्देश दिए।
गाइड बांध से की जाएगी पुल की सुरक्षा
राज्य सेतु निगम और पीडब्ल्यूडी के चीफ इंजीनियरों में सहमति बनी कि पुल की सुरक्षा के लिए गाइड बांध बनाना जरूरी है। एप्रोच रोड और पुल की स्थिति से शासन को अवगत करा जल्द बजट पास कराया जाएगा। चीफ इंजीनियर राजीव कुमार ने कहा कि बिना गाइड बांध और डी के एप्रोच रोड को गंगा के कटान से बचाना मुश्किल है। लंबे गाइड बांध के साथ गंगा के दोनों और पक्के तटबंध बनाना जरूरी है।
एक सप्ताह में शुरू कराएं आवागमन : दिनेश खटीक
हस्तिनापुर। रविवार को राज्य मंत्री दिनेश खटीक ने भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ एप्रोच रोड की स्थिति देखी। राज्यमंत्री ने पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों से कहा कि अगले एक सप्ताह के अंदर एप्रोच रोड दुरुस्त कर आवागमन सुचारू कराएं। रोड टूटने से राहगीरों और किसानों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने मजदूरों को हर संभव मदद का आश्वासन दिया। इसके बाद राज्यमंत्री ने खादर क्षेत्र के फतेहपुर प्रेम, शेरपुर नई बस्ती के पास कच्चे तटबंध का जायजा लिया। सिंचाई विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि कच्चे तटबंध की निगरानी और सुरक्षा लगातार करते रहें। संवाद
एक लाख पांच हजार क्यूसेक पहुंचा गंगा का जलस्तर
हस्तिनापुर। बिजनौर बैराज पर तैनात अवर अभियंता पीयूष कुमार ने बताया कि रविवार शाम 6 बजे गंगा का जल स्तर एक लाख पांच हजार क्यूसेक पर था। पिछले दो दिनों से गंगा का जलस्तर 80 हजार क्यूसेक पर था। रविवार को जलस्तर में 25 हजार क्यूसेक की वृद्धि दर्ज की गई। गंगा किनारे बसे सिरजेपुर, हादीपुर गावड़ी, भीमकुंड, मनोहरपुर, खेड़ी कला, दूधली आदि गांव के जंगलों में गंगा का पानी भर गया है। ग्रामीणों का कहना है कि उन्हें मवेशियों के लिए चारा जुटाने में दिक्कत हो रही है। जलस्तर बढ़ने पर गंगा किनारे के गांव में अलर्ट जारी किया गया है। संवाद
क्षतिग्रस्त सड़क का जायजा लिया
मवाना। एआईएमआईएम पार्टी के नेता विनोद जाटव ने पदाधिकारियों के साथ रविवार को गंगा पुल की क्षतिग्रस्त सड़क का दौरा किया। यहां मेरठ, बिजनौर आने जाने लोगों को हो रही दिक्कत से उच्च अधिकारियों को अवगत कराने का निर्णय लिया। समाधान नहीं होने पर आंदोलन की बात कही। उनके साथ अफजाल अहमद, दिलशाद अंसारी, नईम मलिक आदि रहे।