शामली पुलिस को आखिरकार सफलता मिल ही गई। लंबे समय से फरार चल रहे और 50 हजार के इनामी बदमाश विपुल खूनी और उसके साथी को पुलिस ने दबोच लिया।
शामली में कांधला थाना क्षेत्र के गांव हुरमजपुर के जंगल में शुक्रवार देर रात करीब 2.30 बजे हुई मुठभेड़ में पुलिस ने 50 हजार के इनामी बदमाश विपुल खूनी और उसके साथी को गिरफ्तार कर लिया।
दोनों ओर से करीब 40 से ज्यादा राउंड गोलियां चलीं। मुठभेड़ में विपुल खूनी के पैरों में तीन गोलियां लगी हैं। उसके साथी के पैर में एक गोली लगी है। बदमाशों की ओर से की गई फायरिंग में तीन पुलिसकर्मी भी घायल हो गए। घायल बदमाशों का शामली के निजी अस्पताल में इलाज कराया गया, वहां से दोनों को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि विपुल गांव भभीसा की प्रधान के पति और एक अन्य ग्रामीण की हत्या के इरादे से पहुंचा था।