सरूरपुर। गांव पथौली में समस्याओं को सुनते जिला पंचायत अध्यक्ष गौरव चौधरी। स्वयं
- गांव पथौली के ग्रामीणों ने विद्युत लाइन व नाले की समस्या रखी
संवाद न्यूज एजेंसी
सरूरपुर। गांव पथौली में जिला पंचायत अध्यक्ष गौरव चौधरी द्वारा सोमवार को ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया। उन्होंने ग्रामीणों की समस्याओं को सुना। एचटी लाइन के तार व जल निकासी की समस्याओं को ग्रामीणों ने अवगत कराया। जिला पंचायत अध्यक्ष ने मौके पर संबंधित विभाग के अधिकारियों को बुलाकर आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
जिला पंचायत अध्यक्ष को ग्रामीणों ने बताया कि गांव के बीच से एचटी लाइन के नंगे तार गुजर रहे हैं। इस कारण ग्रामीणों को हमेशा करंट लगने का खतरा बना रहता है। बरसात के मौसम में यह खतरा अधिक बढ़ जाता है। ग्रामीणों पथौली से फतेहपुर तक करीब दो किलोमीटर लंबे नाले की सफाई कराने की मांग की। करीब 10 वर्ष पहले जिला पंचायत विभाग द्वारा बनाए गए नाले के पुनर्निर्माण और सफाई की मांग भी रखी।
जिला पंचायत अध्यक्ष ने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ मौके पर स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने सिंचाई विभाग के अभियंता सुशील कुमार, बिजली विभाग के उपखंड अधिकारी भोला, जिला पंचायत के अभियंता और सरूरपुर विकासखंड अधिकारी को समस्याओं के जल्द समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी समस्याओं का विभागवार परीक्षण कराकर तय समय सीमा में निस्तारण कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि वह ग्रामीणों के बीच घर-घर पहुंचकर उनकी समस्याएं सुनेंगे और समाधान कराने का प्रयास करेंगे।
इस दौरान सूरज श्योराण, वरुण सांगवान, ग्राम प्रधान राजन सिरोही, वीरेंद्र सिंह, अभिमन्यु सांगवान, आयुष चौधरी, राहुल किठोली समेत अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।