मेरठ। कोरोना संक्रमण का प्रकोप थमने के साथ ही अब ब्लैक फंगस का खतरा भी कम होता नजर आ रहा है। बीते एक सप्ताह में ब्लैक फंगस के 22 नए मरीज मिले हैं, जबकि 33 मरीजों की छुट्टी हुई है। इस दौरान सिर्फ एक मरीज की मौत हुई है। एक्टिव केस भी 30 से कम हैं।
अब हर रोज करीब तीन मरीज मिलने का औसत है। पहले अधिक संख्या में मरीज मिल रहे थे। मेडिकल कॉलेज का पूरा वार्ड भर गया था। कोविड ब्लॉक में मरीज भर्ती करने पड़े थे। ब्लैक फंगस का प्रकोप कम होने से स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन ने राहत की सांस ली है। कोविड-19 की दूसरी लहर कम होने के बाद ब्लैक फंगस के मरीज तेजी से बढ़े थे। जिले में भी कोरोना पाजिटिव हो चुके ढाई सौ से ज्यादा लोग ब्लैक फंगस की चपेट में आ गए थे। अधिकांश मरीजों ने बीमारी के दौरान स्टेरॉयड का असंतुलित सेवन किया था और उसका दुष्परिणाम ब्लैक फंगस के रूप में सामने आया था।
मरीजों का ब्योरा
तारीख नए मरीज छुट्टी
22 जून 3 2
21 जून 4 8
20 जून 2 3
19 जून 4 8
18 जून 2 4
17 जून 1 3
16 जून 6 5
वर्तमान में केवल 30 मरीज
कोरोना संक्रमण की दर घटने के बाद ब्लैक फंगस के मरीजों की संख्या भी कम हो रही है। वर्तमान में 30 से कम मरीज एक्टिव केस हैं। इनका अलग-अलग अस्पतालों में इलाज चल रहा है। - डॉ अखिलेश मोहन, सीएमओ