विवाहिता की हत्या कर शव जंगल में फेंका
रोहटा (मेरठ)। थाना क्षेत्र के गांव डालमपुर में विवाहिता की गला घोंटकर हत्या कर ससुरालियों ने रात के समय शव जंगल में फेंक दिया। दिन निकलने पर वारदात की जानकारी हुई। पुलिस ने शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। मृतका की मां की तहरीर पर पति सहित आठ ससुरालियों के खिलाफ हत्या व दहेज उत्पीड़न का मामला दर्ज किया गया है। वारदात के बाद आरोपी फरार है। पुलिस ने दबिश दी, लेकिन आरोपी नहीं पकड़े जा सके।
जानी थाना क्षेत्र के पांचली खुर्द निवासी सरोज ने बताया कि उसकी बेटी ज्योति की शादी पांच नवंबर, 2020 को रोहटा थाना के डालमपुर निवासी चकित के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल वाले दहेज की मांग करते हुए विवाहिता के साथ मारपीट कर रहे थे। पुलिस अधिकारियों से भी शिकायत की गई थी। आरोप है कि बुधवार रात पति सहित अन्य ससुरालियों ने एक राय होकर बेटी की गला घोंटकर हत्या कर दी और शव को जंगल में फेंक दिया। बृहस्पतिवार सुबह ग्रामीणों ने शव जंगल में पड़ा देखा तो पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका की मां ने पति चकित, ससुर राजकुमार, जेठ अंकित, ननद जूली व शालू, गाजियाबाद के पैंगा गांव निवासी ननदोई बंटी व अन्य रिश्तेदार अंजू व जोनी के खिलाफ दहेज उत्पीड़न व हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
सीओ सरधना आरपी शाही का कहना है कि आरोपी ससुराल वाले फरार चल रहे हैं, घर पर ताला लटका हुआ है। एफआईआर दर्ज कर ली गई है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।