सरधना। नगर के मोहल्ला शेखान में एक सप्ताह पहले विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया था। मृतक महिला के परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए कब्र खोदकर पोस्टमार्टम कराने की मांग की थी। जिस पर बुधवार को डीएम के आदेश पर पुलिस ने कब्र खुदवाकर विवाहिता का शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
नगर के मोहल्लाशेखान में एक सप्ताह पहले विवाहिता मुस्कान पुत्री नवाब की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। ससुराल वालों ने मौत का कारण बीमारी बताकर उसके शव को सुपुर्द-ए-खाक कर दिया था। लेकिन विवाहिता के शरीर पर चोट व खून के निशान देखने पर परिजनों ने हत्या की आशंका जताई। परिजनों ने पति सलमान, ससुर जफर, सास तस्लीम व मोहम्मद नवाज पुत्र जफर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। बुधवार को डीएम के आदेश पर नायब तहसीलदार की मौजूदगी में पुलिस ने कब्र खुदवाई गई और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। थाना प्रभारी निरीक्षक रमाकांत पचौरी का कहना है कि विवाहिता के शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।