- एसओजी समेत कई टीम बदमाशों की तलाश में जुटी
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। भावनपुर थाना क्षेत्र के हसनपुर कदीम पुलिस चौकी से मात्र डेढ़ सौ मीटर पहले 22 अप्रैल की शाम बाइक सवार बदमाशों ने सराफ गौरव वर्मा से साढ़े चार लाख के सोने चांदी के आभूषण से भरा बैग छीन लिया था। घटना के बाद से एसओजी समेत कई टीम बदमाशों की तलाश में लग गई है। बदमाशों ने घटना से पहले सराफ की रेकी की थी। बदमाश एक सीसीटीवी फुटेज में कैद हो गए हैं। पुलिस बदमाशों के नजदीक पहुंच गई है। पुलिस बदमाशों को पकड़ने के लिए यक्ष ऐप की भी मदद ले रही है।
ब्रह्मपुरी की मास्टर कॉलोनी गली नंबर सात निवासी गौरव वर्मा ने भावनपुर थाने प्राथमिकी दर्ज कराते हुए बताया था कि उनकी मुंडाली के हसनपुर कला में ओम ज्वेलर्स के नाम से दुकान है। रोजाना की तरह 22 अप्रैल को वह घर से बाइक पर सवार होकर दुकान पर जा रहे थे। जब वह गढ़ रोड स्थित हसनपुर कदीम पुलिस चौकी से मात्र सौ डेढ़ सौ मीटर दूर थे, तभी पीछे से बाइक सवार दो बदमाशों ने उसे धक्का देकर नीचे गिरा दिया था। एक बदमाश ने उससे बैग छीन लिया था। जिसके बाद बदमाश गढ़ की ओर भाग गए थे। उसने बताया था कि उसके बैग में सोने की दो अंगूठी, पांच लौंग, दो जोड़ी कानों के कुंडल और चांदी के पाजेब के साथ अन्य टूटी हुई चांदी का सामान था। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले का कहना है कि बदमाशों की तलाश में कई टीम काम कर रही है। जल्द बदमाशों को पकड़ लिया जाएगा।