छेड़छाड़ के आरोपी की धमकी से डरे दंपती ने घर छोड़ा
मेरठ। लालकुर्ती थाना क्षेत्र में छेड़छाड़ के विरोध पर दबंग ने दंपती को जान से मारने की धमकी दी। मामला इतना बिगड़ा कि दंपती घर छोड़कर कहीं चले गए। रिश्तेदारों को जब इसका पता चला तो उन्होंने थाने में तहरीर दी। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है। पूछताछ की जा रही है।
लालकुर्ती थाना क्षेत्र की रहने वाली एक विवाहिता बृहस्पतिवार को खरीददारी के लिए बाजार निकली। बताया जाता है कि यहां एक दुकान पर विवाहिता से छेड़छाड़ हो गई। विवाहिता वापस घर आई और पति को घटना की जानकारी दी। पति अपने साथ कुछ लोगों को लेकर दुकान पर पहुंचा और छेड़छाड़ का विरोध जताया। दोनों पक्षों में मारपीट होने लगी। दुकान में तोड़फोड़ भी की गई। लोगों के हस्तक्षेप पर किसी तरह मामला शांत हुआ। बताया जाता है कि कुछ देर बाद ही दुकानदार अपने साथ आधा दर्जन युवकों को लेकर विवाहिता के घर जा पहुंचा और उसके पति के साथ मारपीट की और सबक सिखाने की धमकी देकर वहां से चला गया। इस वारदात के बाद दंपती दहशत में आ गया। आनन-फानन में उन्होंने घर पर ताला लगाया और वहां से चले गए। विवाहिता के रिश्तेदारों को जब इसकी भनक लगी तो वह उन्हें ढूंढने निकले, लेकिन उनका कुछ पता नहीं चला। उन्होंने पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने आरोपी दुकानदार को हिरासत में ले लिया। दंपती का देर रात तक भी कुछ पता नहीं चल पाया है। सीओ कैंट संजीव देशवाल ने बताया कि हमलावर से पूछताछ की जा रही है। तहरीर मिलने के बाद कार्रवाई की जाएगी।