स्कूटी में टक्कर लगने के बाद हुआ था विवाद
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में बुधवार को जेल चुंगी के आगे नंगला बट्टू रोड पर ई-रिक्शा की स्कूटी में टक्कर लगने के बाद विवाद हो गया। आरोप है कि ई-रिक्शा चालक ने अपनी पत्नी के साथ मिलकर स्कूटी सवार महिला गार्गी और उसकी बेटी के साथ मारपीट की। इस दौरान चालक ने धारदार हथियार से महिला पर हमला कर दिया, जिससे हाथ पर गंभीर चोट आई। घटना के बाद आरोपी दंपती ई-रिक्शा मौके पर छोड़कर भाग गया।
पांडव नगर निवासी गार्गी ने प्राथमिकी दर्ज कराते हुए बताया कि बुधवार दोपहर करीब डेढ़ बजे वह अपनी बेटी को स्कूटी से स्कूल से लेकर घर लौट रही थीं। जैसे ही वह जेल चुंगी के आगे नंगला बट्टू रोड के पास पहुंची, तभी सामने से तेज रफ्तार में आ रहे ई-रिक्शा ने उनकी स्कूटी में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से वह बेटी समेत सड़क पर गिर गईं।
पीड़िता के अनुसार उन्होंने ई-रिक्शा चालक को आराम से चलाने के लिए कहा तो वह गाली-गलौज करने लगा। आरोप है कि चालक की पत्नी भी मौके पर पहुंच गई और दोनों ने मिलकर मां-बेटी के साथ मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद चालक अपने ई-रिक्शा से धारदार हथियार निकाल लाया और उन पर हमला कर दिया। हमले में उनके हाथ पर गंभीर चोट आई। पीड़िता ने बताया कि मारपीट करने के बाद आरोपी दंपती अपना ई-रिक्शा मौके पर छोड़कर भाग गया। सीओ सिविल लाइन दीक्षा भौरिया ने बताया कि ई-रिक्शा के नंबर व सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों को जल्दी गिरफ्तार कर लिया जाए। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एक टीम लगा दी गई है।
-