लिसाड़ी गेट में पंचायत में दुष्कर्म पीड़िता की अस्मत की कीमत 50 हजार रुपये लगाने का मामला सामने आया है। पीड़िता ने उनकी बात मान ली और आरोपी से निकाह कर लिया। शादी के 40 दिन बाद आरोपी मोदीनगर स्थित रिश्तेदारी में पीड़िता को छोड़कर फरार हो गया। शनिवार को पीड़िता ने आरोपी के परिजनों से शिकायत की तो मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया।
लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र के लक्खीपुरा निवासी युवती का पड़ोसी युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था। शादी का झांसा देकर युवक, युवती के साथ दुष्कर्म करता रहा। 10 अगस्त को युवती ने शादी का दबाव बनाया तो युवक ने इनकार कर दिया।
युवती ने पुलिस से शिकायत की। लोगों ने पंचायत में दोनों पक्षों को बुला लिया। पंचायत में ही युवक ने निकाह करने से इनकार करते हुए उसकी अस्मत की कीमत 50 हजार रुपये लगा दी। दोनों पक्षों के दबाव के चलते आरोपी ने युवती से निकाह कर लिया।
शादी के बाद दोनों मोदीनगर में रहने लगे। युवती ने बताया कि दो दिन पहले युवक उसे मोदीनगर में छोड़कर फरार हो गया। जिसके बाद पीड़िता ने युवक के परिजनों से शिकायत की।
आरोप है कि युवक के परिजनों ने युवती को मारपीट कर घर से निकाल दिया। रविवार शाम युवती लिसाड़ी गेट थाने पहुंची और घटना की तहरीर दी। इंस्पेक्टर लिसाड़ी गेट प्रशांत कपिल का कहना है कि पूर्व में दुष्कर्म और पंचायत का मामला मेरे संज्ञान में नहीं है। जांच के बाद ही कार्रवाई की जाएगी।