प्रतिदिन कोरोना के रोगियों की संख्या बढ़ रही है। लेकिन सीएचसी पर लापरवाही बरती जा रही है।
- फोटो : MAWANA
मवाना/दौराला/माछरा(मेरठ)। जिला सहकारी बैंक के चेयरमैन की पत्नी-बेटे को जांच में कोरोना की पुष्टि हुई। वहीं मवाना में जांच के दौरान 10 लोग और माछरा स्थित चौधरी प्रेमनाथ सिंह केवी इंटर कॉलेज के तीन कर्मचारी कोरोना पॉजिटिव मिले। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सभी को अस्पताल में भर्ती कराया।
सीएचसी प्रभारी डॉ. प्रशांत कुमार ने बताया कि छह दिन पहले जिला सहकारी बैंक के चेयरमैन मनिंदर पाल सिंह कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे। उनके संपर्क में आने वाला उनका गनर भी संक्रमित मिला था। सोमवार को जांच में उनकी पत्नी और बेटा भी कोरोना संक्रमित मिले। इसके अलावा महल गांव निवासी एक गर्भवती और शाहपुर निवासी महिला भी पॉजिटिव पाई गईं। उधर, मवाना सीएचसी प्रभारी डॉ. सतीश भास्कर ने बताया कि शनिवार को मवाना और मेरठ के कई लोगों के सैंपल एनटीपीसीआर के लिए भेजे गए थे। सोमवार को आई रिपोर्ट में पांच लोग कोरोना पॉजिटिव मिले। पांचों लोग मेरठ के निवासी हैं। वहीं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर 105 लोगों की जांच की गई। इनमें पांच लोगों को कोरोना की पुष्टि हुई।
शिक्षक और स्टाफ की जांच
माछरा। चौधरी प्रेमनाथ सिंह केवी इंटर कॉलेज माछरा के बाबू ने बताया कि उन्हें हल्का बुखार था। मेरठ में जांच कराई तो वे कोरोना संक्रमित मिले। सोमवार को सीएचसी माछरा से स्वास्थ्य विभाग की टीम कॉलेज पहुंची और 47 शिक्षक एवं अन्य कर्मचारियों की जांच की। जांच में दो और लोग कोरोना पॉजिटिव मिले।
सरधना में सीएचसी प्रभारी के नेतृत्व में सैंपल लेती स्वास्थ विभाग की टीम।- फोटो : SARDANA