मवाना। मवाना-हस्तिनापुर मार्ग पर थाने के सामने नाले की क्षतिग्रस्त पुलिया का निर्माण लोक निर्माण विभाग द्वारा सोमवार से शुरू किया जाएगा। इससे इस मार्ग पर आवागमन बंद रहेगा।
सीओ पंकज लवानिया ने बताया कि सोमवार से पीडब्ल्यूडी द्वारा पुलिया का निर्माण कार्य शुरू किया जा रहा है। इससे यातायात व्यवस्था प्रभावित हो सकती है। इसे देखते हुए मेरठ से ट्रैफिक पुलिस के चार कर्मियों की ड्यूटी लगवाने के लिए मांग की गई है ताकि यातायात को सुचारु रूप से संचालित किया जा सके। लोक निर्माण विभाग के एसडीओ सरवन पाल ने बताया कि पुलिया जर्जर अवस्था में है और उसकी समय सीमा भी पूरी हो चुकी है। सोमवार से इस पुलिया का निर्माण कार्य शुरू कराया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि निर्माण कार्य के दौरान यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस से सहयोग मांगा गया है। पुलिस और ट्रैफिक पुलिस कर्मियों की मौजूदगी में निर्माण कार्य कराया जाएगा, जिससे लोगों को कम से कम परेशानी हो। इस दौरान हस्तिनापुर से आने वाला ट्रैफिक नहर पटरी से मिल रोड होते हुए और मेरठ की ओर से आने वाला ट्रैफिक फलावदा बाईपास से गुजारा जाएगा।