मेरठ। एनजीटी की ओवरसाइट कमेटी ने बृहस्पतिवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से गांवड़ी डंपिंग ग्राउंड पर कूड़े का हाल देेखा। नगर निगम अधिकारियों ने कमेटी सदस्य एसवीएस राठौर और अनूपचंद्र को वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम पूरे डंपिंग ग्राउंड का निरीक्षण कराया। यहां पर लगे बैलेस्टिक सैपरेटर से कूड़े का निस्तारण होते हुए दिखाया।
सहायक नगर आयुक्त प्रथम ब्रजपाल सिंह ने कमेटी सदस्यों को बताया कि डंपिंग ग्राउंड पर बचे कूड़े को तीन महीने में खत्म कर दिया जाएगा। गौरतलब है कि गांवड़ी के ग्रामीणों की शिकायत पर एनजीटी ने नगर निगम को गांवड़ी स्थित डंपिंग ग्राउंड को साफ करने के निर्देश दिए थे। इसके बाद ही निगम ने यहां बैलेस्टिक सैपरेटर लगाया था। यह कूड़े से खाद, प्लास्टिक, पत्थर और लोहे आदि को अलग करता है। निगम अधिकारियों ने कमेटी सदस्यों को बताया कि कूड़े का शीघ्र निपटान कराने के लिए बैलेस्टिक सैपरेटर प्लांट को दिन-रात की शिफ्ट में चलाया जाएगा। नगर आयुक्त मनीष बंसल पूर्व में इसे रात की शिफ्ट में चलाने के निर्देश दे चुके हैं।