सरधना। नगर के कस्बा चौकी चौराहे पर लगे जाम में फंसे वाहन चालक और राहगीर। संवाद
दौराला, बिनौली रोड, कस्बा चौकी चौराहा और गंज बाजार में वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं
संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। भाई दूज पर बृहस्पतिवार को नगर में सुबह से शाम तक सड़कों पर जाम के हालात बने रहे। दौराला, बिनौली रोड, कस्बा चौकी चौराहा और गंज बाजार में वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। हालांकि यातायात पुलिस व्यवस्था बनाने में जुटी रही लेकिन वाहनों की अधिकता की वजह से सारे इंतजाम धरे रह गए।
जाम की स्थिति ऐसी रही कि दोपहिया और चारपहिया वाहन घंटों तक रेंगते नजर आए। पुलिस और ट्रैफिक कर्मियों ने बार-बार रास्ता खुलवाने का प्रयास किया, लेकिन वाहनों की अधिकता के कारण जाम के हालात दिन भर बनते रहे। अव्यवस्थित पार्किंग के कारण जाम कम नहीं हो सका। लोगों ने रास्तों में वाहन आड़े-तिरछे लगा दिए इससे हालत ज्यादा खराब रही। वाहन चालकों के बीच नोकझोंक और धक्का-मुक्की तक की नौबत आ गई। त्योहार की वजह से नगर में बसों की संख्या कम रही, जिससे यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ी। बसों के अभाव में लोगों ने डग्गामार वाहनों का सहारा लिया।
स्थानीय लोगों का कहना था कि हर त्योहार पर यही स्थिति बन जाती है, लेकिन ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार के लिए कोई स्थायी कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। बाजारों में अस्थायी पार्किंग की व्यवस्था न होने से भी अव्यवस्था बढ़ गई। प्रभारी निरीक्षक दिनेश प्रताप सिंह ने बताया कि त्योहारों की वजह सेसामान्य दिनों की तुलना में कई गुना अधिक भीड़ रही। यातायात पुलिस ने बेहतर व्यवस्था बनाने के पूरे प्रयास किए।