किराना व्यापारी से चेन लूटी, विरोध में सिर फोड़ा
मेरठ। माधवपुरम सेक्टर दो में स्कूटी सवार किराना व्यापारी से बदमाशों ने चेन लूट ली। व्यापारी ने विरोध किया तो बदमाशों ने उनके साथ मारपीट कर सिर फोड़ दिया। यह वारदात सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। पुलिस ने फुटेज के आधार पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र के सरस्वती लोक निवासी विनीत अरोड़ा की कोटला बाजार में विनीत स्टोर के नाम से किराना की दुकान है। वह शुक्रवार रात में दुकान बंद कर दिनभर की दुकानदारी के डेढ़ लाख रुपये लेकर स्कूटी से घर लौट रहे थे। जब वह माधवपुरम सेक्टर-2 में पहुंचे तो बदमाशों ने उन्हें रोक लिया और नगदी लूटने की कोशिश की। विरोध में बदमाशों ने तमंचे की बट से सिर फोड़ दिया। इसके बाद वह गले से सोने की चेन तोड़कर ले गए।