- कुलंजन रजबहा पटरी पर मदारपुरा कट के निकट दो कारों के बीच हुई भिड़ंत
संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। कुलंजन रजबहा पटरी पर मदारपुरा कट के निकट बुधवार को दो कारों की आमने-सामने की भिड़ंत में दो महिलाओं समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद एक कार अनियंत्रित होकर रजबहे में पलट गई। मौके पर अफरातफरी मच गई। राहगीरों ने तत्परता दिखाते हुए कार में फंसे घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। हादसे के बाद दूसरी कार में सवार युवक मौके से भाग निकले।
गांव कुलंजन निवासी अब्दुल्ला पुत्र इलियास अपनी स्विफ्ट कार से मां रुकसाना और शब्बो पत्नी शफीक के साथ किसी काम से सरधना आ रहा था। जैसे ही उनकी कार कुलंजन रजबहा पटरी पर मदारपुरा कट के पास पहुंची तभी मदारपुरा की ओर से तेज रफ्तार आ रही दूसरी कार ने उनकी कार में जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी भीषण थी कि स्विफ्ट कार सड़क से उछलकर सीधे रजबहे में जा गिरी और पलट गई। राहगीर तुरंत मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया। लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद कार के दरवाजे खोलकर उसमें फंसे घायलों को बाहर निकाला।
हादसे में रुकसाना, शब्बो और अब्दुल्ला गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों को उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। उधर, हादसे के बाद दूसरी कार सवार युवक मौके से भाग गए। स्थानीय लोगों के अनुसार आरोपी कार सवार युवक मदारपुरा गांव का निवासी बताया जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि मदारपुरा कट पर आए दिन सड़क हादसे होते रहते हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से कट पर सुरक्षा इंतजाम बढ़ाने और यातायात नियंत्रण के उपाय करने की मांग की है।