रसूलपुर मढ़ी में मारपीट में घायल किसान सुमन। परिजन
रोहटा। गांव रसूलपुर मढ़ी में जमीन पर कब्जा करने का विरोध करने पर बिल्डर ने साथियों के साथ मिलकर किसान के परिवार से गाली गलौज करते हुए मारपीट कर दी। अन्य लोगों ने किसान को बचाया। मौके पर पहुंची पुलिस ने किसान को सीएचसी में उपचार दिलाया। पीड़ित ने घटना की तहरीर दी है।
गांव रसूलपुर मढ़ी निवासी सुमन पुत्र निरंकार ने बताया कि उसकी 11 बीघा कृषि भूमि का नेक गांव निवासी एक नेता ने एग्रीमेंट कराया था। लेकिन तभी से किसान अपनी जमीन पर खेतीबाड़ी करता आ रहा है। शनिवार को आरोपी नेता अपने बिल्डर साथियों के साथ जमीन का बैनामा होने की बात कहकर उसके चारों तरफ खंभे गाडकर लोहे के तार लगाने के लिए पहुंचा था।
किसान सुमन को जानकारी हुई तो वह पत्नी कौशल व बेटी आंचल को साथ लेकर खेत पर पहुंचा और जमीन पर कब्जे का विरोध किया।
आरोप है कि हथियारों के साथ आए लोगों ने सुमन, उसकी पत्नी कौशल व पुत्री अंचल के साथ गाली गलौज करते हुए मारपीट कर दी। कब्जा नहीं देने पर अंजाम भुगतने की धमकी दी। चीख पुकार सुनकर आसपास के लोगों ने उसे छुड़ाया। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस पीड़ित को थाने ले आई, जहां उसे मेडिकल के लिए भेजा गया। पीड़ित ने भाजपा नेता और एक बिल्डर सहित आधा दर्जन के खिलाफ तहरीर दी है। आरोप है कि मामला सत्ताधारी पार्टी से जुड़ा होने के कारण पुलिस दबाव में है। वह अपने परिवार के साथ डीएम से मिलकर शिकायत करेगा। यदि कार्रवाई नहीं हुई तो परिवार के साथ आत्मदाह करेगा।
थानाध्यक्ष नीरज कुमार बघेल का कहना है कि जमीन पर कब्जे को लेकर किसान के साथ मारपीट हुई है। पीड़ित का मेडिकल करा दिया है। पीड़ित की तहरीर पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।