सगाई में लाखों रुपये का सामान लेने के बाद दूल्हे के परिजनों ने 25 लाख रुपये नगद की मांग कर दी। 25 लाख रुपये देने से इंकार कर दिया तो दूल्हा बारात लेकर ही नहीं पहुंचा। दुल्हन के परिजन बारात का इंतजार ही करते रह गए। दुल्हन के पिता ने दूल्हा और उसके परिजनों समेत पांच लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है।
पढ़ें : लव जिहाद का आरोप, विहिप कार्यकर्ताओं ने किया जमकर हंगामा
सहारनपुर में सदर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला नवीन नगर निवासी एक अधिवक्ता ने अपनी बेटी की शादी हरिद्वार निवासी अशोक चौहान के पुत्र सन्नी चौहान के साथ तय की थी। अधिवक्ता का कहना है कि उसने 22 नवंबर को सगाई की और लगभग 70 लाख रुपये का सामान दिया। 4 दिसंबर को शादी तय हुई। मैरिज होम में पूरी तैयारी हो गईं और रिश्तेदार भी पहुंच गए। आरोप है कि 4 दिसंबर को ही बिचौलिया बाहदराबाद निवासी राजकुमार ने उन्हें फोन किया और कहा कि दूल्हा पक्ष के लोग 25 लाख रुपये नगद की मांग कर रहे हैं। साथ ही यह भी कहा कि 25 लाख रुपये नगद देंगे तो ही बारात लेकर पहुंचेंगे। अचानक इतनी बड़ी धनराशि की मांग पूरी करने में उन्होंने असमर्थता जताई और बारात आने पर बैठकर बात करने के लिए कहा, लेकिन उसने बारात लाने से इंकार कर दिया। वह रात तक बारात का इंतजार करते रहे, लेकिन बारात नहीं आई। इस संबंध में अधिवक्ता ने आरोपियों दूल्हा सन्नी चौहान, पिता अशोक चौहान, मां मुन्नी, बहन शिवानी और बिचौलिया राजकुमार के खिलाफ सदर कोतवाली में मामला दर्ज कराया है।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/