हस्तिनापुर। खेत की सिंचाई करने गए पाली निवासी अंकुश (25) का शव रविवार को इकवारा गांव के जंगल में एक पेड़ पर लटका मिला। पिता की सूचना पर डायल- 112 पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को नीचे उतरा। युवक के मोबाइल का डाटा डिलीट मिला है। पुलिस ने दावा किया है कि मामला आत्महत्या का है। परिजनों ने भी थाने पर कोई तहरीर नहीं दी है।
हस्तिनापुर थाना क्षेत्र के गांव पाली निवासी मृतक के पिता वीरेंद्र के अनुसार उसका बेटा अंकुश शनिवार शाम इकवारा गांव के जंगल मे अपने खेत में ट्यूबवेल से खेतों में पानी चलाने के लिए गया था। परंतु वह लौटकर नहीं आया। पिता विरेंद्र ने रविवार सुबह खेत पर जाकर देखा तो अंकुश का शव पेड़ पर लटका हुआ था। उसने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतारा और पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कार्यवाहक थानाध्यक्ष पुनीत पांडेय ने बताया कि मृतक के पास से उसका मोबाइल मिला है, लेकिन उसमें डाटा डिलीट है। सीडीआर निकलवाने के पश्चात ही आत्महत्या के कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। दो भाइयों में अंकुश छोटा था।
ग्रामीणों ने बताया कि अंकुश पहले दिल्ली में नौकरी करता था। करीब तीन माह पूर्व ही गांव आया था, तभी से पिता साथ खेती में हाथ बंटा रहा था। वह अविवाहित था। अंकुश की मौत से परिवार में मातम छाया है। एसपी देहात राकेश कुमार मिश्रा ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। आत्महत्या के कारण का पता लगाया जा रहा है। कॉल डिटेल से भी जानकारी मिल सकती है। परिजनों ने कोई तहरीर नहीं दी है।