बड़ौत में पचास हजार के इनामी अजीत उर्फ हप्पू के नाम से मिली पांच लाख रुपये की रंगदारी की चिट्ठी मिलने और घर के बाहर फायरिंग होने के बाद भाजपा नेता ने बुधवार की रात में घर छोड़ दिया है। मकान पर ताला लटका है। पलायन कर गए भाजपा नेता ने कहा कि उसकी तहरीर पर मुकदमा दर्ज नहीं हुआ और न ही उसे सुरक्षा उपलब्ध कराई गई। वह बेहद डरा हुआ है।
मूल रूप से बामनौली गांव के किसान हरेंद्र शर्मा के गोविंदपुरी स्थित मकान पर पहली अगस्त को दो बाइक सवार बदमाशों ने फायरिंग की थी। मकान पर एक चिट्ठी फेंकी गई, जिस पर पचास हजार के इनामी अजीत उर्फ हप्पू का नाम लिखा था और पांच लाख रुपये की रंगदारी मांगी थी। हरेंद्र शर्मा ने बृहस्पतिवार को बताया पुलिस ने उसकी तहरीर पर मुकदमा दर्ज नहीं किया है। बार बार कहने के बाद भी पुलिस अफसरों ने उसे सुरक्षा उपलब्ध नहीं कराई गई। उसे डर सता रहा है, लेकिन पुलिस उसकी सुनने को तैयार नहीं है। मकान पर ताला लटकाकर परिवार के साथ हरेंद्र ने बुधवार की रात में बड़ौत से पलायन कर दिया है। पीड़ित कहां गया, किसी को जानकारी नहीं है। पीड़ित ने कहा कि पुलिस पूरे मामले में लापरवाही बरत रही है।