- आरोपी की गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग
- एमएलसी चुनाव के बाद ब्लॉक परिसर के बाहर हुई थी मारपीट
संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। एमएलसी चुनाव के मतदान के बाद अधिवक्ता वीरेंद्र सैनी के साथ मारपीट के मामले में शनिवार को बार एसोसिएशन के पदाधिकारी और सदस्य थाने पहुंचे। उन्होंने पुलिस से मामले में जल्द कार्रवाई करने और नामजद आरोपी को गिरफ्तार करने की मांग की। अधिवक्ता के साथ हुई घटना को लेकर बार एसोसिएशन के सदस्यों ने नाराजगी जताई।
मोहल्ला छावनी निवासी अधिवक्ता वीरेंद्र सैनी शुक्रवार को खंड विकास कार्यालय स्थित बूथ संख्या 140 पर भाजपा प्रत्याशी के पोलिंग एजेंट के रूप में तैनात थे। उनकी ओर से पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, शाम करीब चार बजे मतदान प्रक्रिया समाप्त होने के बाद वह बूथ से बाहर निकले तो वहां मौजूद एक व्यक्ति ने उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपी ने उनके साथ मारपीट की। अधिवक्ता का आरोप है कि आरोपी ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी। शनिवार को बार एसोसिएशन के पदाधिकारी और सदस्य इसी मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर थाने पहुंचे। उन्होंने पुलिस से आरोपी की गिरफ्तारी कर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की। अधिवक्ताओं ने कहा कि मामले में जल्द कार्रवाई होनी चाहिए। सीओ आशुतोष कुमार ने बताया कि मामले में तहरीर प्राप्त हुई है। जांच के आधार पर आरोपी के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
-