संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। गेम सिटी एरेना में चल रहे गट्स एंड ग्लोरी कॉर्पोरेट क्रिकेट टूर्नामेंट में शुक्रवार को केजीएफ इलेवन और असॉल्ट वॉरियर की टीम के बीच मैच हुआ। इसमें असॉल्ट वॉरियर की टीम ने तीन विकेट से जीत हासिल की। केजीएफ इलेवन की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 187 रन बनाए। टीम की ओर से विवेक ने 46, विवेक शर्मा ने 40 रन की पारी खेली।
असॉल्ट वॉरियर की ओर से सोनू, कालू और साजिद अंसारी ने दो-दो विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी असॉल्ट वॉरियर की टीम ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 17.2 ओवर में 189 रन बनाकर सात विकेट के नुकसान पर लक्ष्य प्राप्त कर लिया। इसमें विवेक कंसल ने 54 रन और सोनू वॉटसन ने 51 रन की पारी खेली। केजीएफ इलेवन की ओर से विनय और अंकुश ने तीन-तीन विकेट लिए। मैच में ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए सोनू वॉटसन को मैन ऑफ द मैच चुना गया। इस मौके पर गेम सिटी एरेना के महाप्रबंधक नलिन अग्रवाल ने सभी खिलाड़ियों को सम्मानित किया।