मेरठ में 18 जाट रेजीमेंट के दीपक उज्जवल का फाइल फोटो।
- फोटो : SARDANA
सड़क हादसे में फौजी की मौत
सरूरपुर। मेरठ भगत लाइंस स्थित 18 जाट रेजीमेंट से ड्यूटी खत्म कर घर लौट रहे बुलेट सवार सिपाही को मेरठ-बड़ौत मार्ग पर बाइकसवार दो युवकों ने टक्कर मार दी। सिर सड़क पर टकराने से फौज हेलमेट टूट गया। मौजूद लोग घायल को सीएचसी लेकर पहुंचे, वहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
बागपत जिले के मवीकलां गांव निवासी 28 वर्षीय दीपक उज्जवल पुत्र हरपोशन सिंह मेरठ-मवाना रोड स्थित भगत लाइंस में 18 जाट रेजीमेंट में सिपाही पद पर तैनात था। परिजनों के अनुसार दीपक रविवार सुबह ड्यूटी खत्म होने पर दो दिन की छुट्टी लेकर बुलेट बाइक से सुबह नौ बजे गांव के लिए जा रहा था। मेरठ-बड़ौत मार्ग पर रोहटा थाने से आगे सामने से आए तेज रफ्तार बाइक सवार युवकों ने बुलेट में टक्कर मार दी। जिससे दीपक सड़क पर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर भीषण थी जिसके चलते हेलमेट भी टूट गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों की मदद से घायल को सीएचसी पहुंचाया। जहां डॉक्टर ने दीपक को मृत घोषित कर दिया। जेब से मिले सेना के आइकार्ड से पुलिस ने परिजन और रेजीमेंट के अधिकारियों को सूचना दी। घटना का पता लगते ही घर में कोहराम मच गया। परिजन सीएचसी पहुंचे। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
इकलौता चिराग बुझा
परिजनों के मुताबिक दीपक उज्जवल घर में इकलौता पुत्र था। दो साल पहले उसकी शादी हुई थी। उसकी पांच माह की बेटी है। परिजनों के अनुसार दीपक का पांच माह पहले जम्मू से मेरठ स्थित भगत लाइंस में 18 जाट रेजीमेंट के लिए ट्रांसफर हुआ था। वह हर सप्ताह बाइक से घर आ जाता था। रविवार को भी वह दो दिन की छुट्टी लेकर घर जाने के लिए निकला था। घटना से गांव में शोक की लहर दौड़ गई।