मेरठ। कर्नल के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद सेना की मेडिकल टीम हरकत में आ गई है। जिससे पश्चिमी यूपी सब एरिया मुख्यालय के निर्देश पर संक्रमित इलाके की शुक्रवार को घर-घर जाकर जांच कराई गई। सेना की मेडिकल टीम ने एक-एक व्यक्ति का मेडिकल चेकअप किया। वहीं, कर्नल के परिजनों का कोविड टेस्ट किया गया। अब इनकी रिपोर्ट आने का इंतजार है।
510 आर्मी बेस वर्कशॉप में कार्यरत अधिकारी की बुधवार रात रिपोर्ट आने के बाद हड़कंप मच गया था। इसके बाद बृहस्पतिवार को अधिकारी के आवासीय इलाके को सील कर दिया था। वहीं, कार्यरत कर्मचारियों को क्वारंटीन किया गया। कर्नल को कोरोना पॉजिटिव आने के बाद मिलिट्री हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। पश्चिमी यूपी सब-एरिया मुख्यालय के प्रवक्ता के अनुसार जिस इलाके को सेना ने सील किया है। वहां दस घर हैं। इन सभी में शुक्रवार को मेडिकल चेकअप किया गया। उन्होंने बताया कि एक-दो लोगों को बुखार की शिकायत है। उन्हें मेडिकल टीम ने सर्विलांस पर लिया है। इनकी रेगुलर जांच होती रहेगी। वहीं, कर्नल के परिवार में मौजूद तीन सदस्यों का कोविड टेस्ट के लिए सैंपल लिया है। इनकी रिपोर्ट मेडिकल कॉलेज से एक-दो दिन में आने की उम्मीद है। वहीं, शुक्रवार को पूरे इलाके को सैनिटाइज किया गया।
सेना की सभी यूनिटों को विशेष निर्देश
पश्चिमी यूपी सब एरिया से सेना की मेरठ के मौजूद 150-200 यूनिटों को विशेष निर्देश जारी किए गए हैं। उन्हें विशेष तौर पर एहतियात बरतने के निर्देश हैं। यदि कोई जवान या फिर अधिकारी अवकाश से लौटेगा तो क्वारंटीन और मेडिकल चेकअप के बाद ही ड्यूटी पर लौट सकेगा। वहीं, सभी यूनिटों में रूटीन चेकअप कराने के लिए भी कहा है।