- विभाग ने संबंधित कर्मियों से केंद्र बंद रहने के संबंध में कारण बताओ नोटिस जारी किया
संवाद न्यूज एजेंसी
खरखौदा। विकास खंड खरखौदा के आंगनबाड़ी केंद्रों का सोमवार को अन्य ब्लॉकों के बाल विकास परियोजना अधिकारियों ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान 38 आंगनबाड़ी केंद्रों पर कुल 378 बच्चे उपस्थित मिले। वहीं, खरखौदा के आंगनबाड़ी केंद्र पर ताला लगा मिला। विभाग ने इस संबंध में कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
जिला कार्यक्रम अधिकारी सुनील कुमार गुप्ता ने बताया कि खरखौदा विकास खंड के आंगनबाड़ी केंद्रों की निगरानी व्यवस्था को मजबूत करने के लिए अन्य ब्लॉकों के बाल विकास परियोजना अधिकारियों से सोमवार को औचक निरीक्षण कराया गया। अधिकारियों ने बच्चों की उपस्थिति, केंद्र की व्यवस्था और विभागीय योजनाओं के लाभ की स्थिति की जानकारी ली। अधिकारियों ने पात्र लाभार्थियों को विभागीय योजनाओं से शत-प्रतिशत आच्छादित करने के निर्देश दिए।
कई आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका केंद्रों पर अनुपस्थित मिले। गांव आड़ की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता अन्जुमनिशा, बेहरानपुर की सहायिका कोमल तथा कैली की कार्यकर्ता चंचल, रजनी और ममता के अलावा सहायिका ओमबीरी व किरन अनुपस्थित मिले। वहीं, मुंडाली की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता अनुराधा अवकाश पर मिली।
सबसे गंभीर स्थिति खरखौदा स्थित आंगनबाड़ी केंद्र की मिली, जो निरीक्षण के समय बंद मिला। केंद्र पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका भी मौजूद नहीं मिली। विभाग ने इसे गंभीरता से लेते हुए संबंधित कर्मियों से केंद्र बंद रहने के संबंध में कारण बताओ नोटिस देकर स्पष्टीकरण लेने की बात कही है। जिला कार्यक्रम अधिकारी के अनुसार यदि संबंधित कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं का स्पष्टीकरण संतोषजनक नहीं पाया गया तो उनके मानदेय को रोकने की कार्रवाई की जाएगी।
खरखौदा क्षेत्र में आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण करती अधिकारी (विभाग)