हरिद्वार मां चंडी देवी मंदिर से अखंड ज्योत बड़ा महादेव मंदिर पहुंची (स्रोत श्रद्धालु) मवाना
मवाना। धार्मिक आस्था और श्रद्धा का संदेश लेकर हरिद्वार स्थित मां चंडी देवी मंदिर से अखंड ज्योत मवाना पहुंच गई है। इस पावन ज्योत को नगर के प्राचीन बड़ा महादेव मंदिर में स्थापित किया जाएगा, जहां यह निरंतर प्रज्वलित रहेगी। अखंड ज्योत के आगमन से क्षेत्र के श्रद्धालुओं में उत्साह और हर्ष का माहौल है। अखंड ज्योत को हरिद्वार से मवाना लाने में आयुष मारवाह, सुभाष गुर्जर और प्राचीन बड़ा महादेव मंदिर के पुजारी गजानंद जोशी की अहम भूमिका रही। मां चंडी देवी की ज्योत को धार्मिक परंपराओं और श्रद्धा के साथ मंदिर तक लाया गया। प्राचीन बड़ा महादेव मंदिर नगर की धार्मिक आस्था का प्रमुख केंद्र है। यहां अखंड ज्योत के निरंतर प्रज्वलित रहने से भक्तों को नियमित दर्शन और पूजा-अर्चना का लाभ मिल सकेगा। हर-हर महादेव और जय माता दी के जयकारों के बीच इस आयोजन को क्षेत्र में आध्यात्मिक जुड़ाव के रूप में देखा जा रहा है।