एसएसपी कंधों पर उठाकर खुशी मनाते पुलिसवाले
मुजफ्फरनगर के मीरापुर इलाके में बुधवार सुबह बदमाशों और पुलिस के बीच हुई मुठभेड़ में पुलिस ने 50 हजार के इनामी बदमाश नितिन ठाकुर को ढेर कर दिया। वहीं उसका एक साथी मौके से फरार हो गया। मृतक बदमाश के पास से पुलिस ने एक पिस्टल और एक देशी तमंचा बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक, मृतक बदमाश नितिन अपने एक साथी के साथ मीरापुर थाना क्षेत्र के नंगला खेपड गांव में किसान श्यामवीर की हत्या करने आये थे। किसान श्यामवीर अपने बेटों के साथ सुबह खेत पर आया तो बाइक सवार अज्ञात बदमाशों को देखकर किसान ने पुलिस को बदमाशों के होने की सूचना दी।
मीरापुर पुलिस और क्राइम ब्रांच ने घेराबंदी कर बदमाशों को घेर लिया। पुलिस से घिरा देख बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्यवाही में पुलिस ने भी बदमाशों पर गोली चलाई। पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ में बुलंदशहर निवासी 50 हजार के इनामी बदमाश नितिन की मौत हो गई। दो पुलिसकर्मी भी बदमाशों की गोली लगने से घायल हो गए, जिन्हे उपचार के लिए मेरठ रेफर किया गया है।