संवाद न्यूज एजेंसी
सरूरपुर। थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती का वीडियो वायरल करने वाले आरोपी शुएब को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पुलिस के अनुसार आरोपी ने पूछताछ में किशोरी को बदनाम करने की नीयत से वीडियो वायरल करने की बात स्वीकार की है। शुक्रवार को किशोरी के पिता ने आरोपी के खिलाफ तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया था।
पीड़िता के पिता ने तहरीर में बताया कि आरोपी ने कुछ दिन पहले उसकी बेटी को वीडियो काॅल किया था। इस दौरान आरोपी ने बेटी के वीडियो कॉल की अपने मोबाइल में स्क्रीन रिकॉर्ड कर ली। आरोपी बेटी पर जबरन शादी का दबाव बना रहा था। बेटी ने शादी से इन्कार किया तो आरोपी ने वीडियो वायरल करने की धमकी दी। आरोपी पिछले कई दिनों से बेटी का मानसिक उत्पीड़न कर रहा था। पुलिस से शिकायत करने पर आरोपी ने पीड़िता को जान से मारने की धमकी दी। बृहस्पतिवार को आरोपी ने उसकी बेटी का अश्लील वीडियो व्हाट्सएप ग्रुप में वायरल कर दिया। वायरल वीडियो की जानकारी होने पर पीड़ित पक्ष ने आरोपी के खिलाफ तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया।
सीओ सरधना आशुतोष कुमार ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर तुरंत आरोपी को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में आरोपी ने वीडियो वायरल करने की बात स्वीकार की है। पूछताछ के बाद आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया जहां से उसे जेल भेज दिया।