सिपाही की आंखों में मिर्च डालकर आरोपी फरार
शहर के जानसठ ओवरब्रिज के नीचे से 12 हजार का इनामी बदमाश नदीम पुलिस हिरासत से फरार हो गया। बाइक सवारों ने सिपाहियों की आंखों में मिर्ची पाउडर झोंक दिया और नदीम को हथकड़ी समेत लेकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलने पर अधिकारी मौके पर पहुंचे। नाकेबंदी कर बदमाशों को तलाश किया, मगर कोई सफलता नहीं मिल सकी। लापरवाही पर दोनों सिपाहियों को निलंबित कर दिया गया है। इस संबंध में सिविल लाइन थाने पर इनामी बदमाश और उसके दो साथियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
नईमंडी कोतवाली क्षेत्र के गांव बागोवाली में एक सराफ की दुकान को बदमाशों ने लूटा था, जिसमें बागोवाली निवासी बदमाश नदीम पुत्र इरशाद उर्फ सादा भी शामिल था। उस पर 12 हजार का इनाम घोषित है। एक सूचना के आधार पर नईमंडी पुलिस ने मंगलवार को इनामी नदीम को कैराना से गिरफ्तार किया। वहां की कोर्ट में पेश कर पुलिस उसे रात में मुजफ्फरनगर ले आई थी। उसे बुधवार को कोर्ट में पेश करना था। दोपहर करीब दो बजे नईमंडी कोतवाली पर तैनात कांस्टेबल दीपक कुमार और नवीन कुमार इनामी बदमाश नदीम को हथकड़ी लगाकर पैदल ही कोर्ट में पेश करने जा रहे थे।
जैसे ही वो रेलवे लाइन पार कर सिविल लाइन क्षेत्र में जानसठ ओवरब्रिज के नीचे एक होटल के सामने पहुंचे, तभी पीछे से बाइक पर सवार होकर दो युवक आए और सिपाहियों की आंखों में मिर्ची पाउडर डालकर अपने साथी नदीम को हथकड़ी समेत पुलिस हिरासत से फरार कर भाग गए।