मेरठ-लावड़ कस्बे में लगे रक्षाबंधन मेले में उमड़ी लोगों की भीड़।
- फोटो : LAWARD
10 वालंटियर के भरोसे ऐतिहासिक रक्षाबंधन मेला
लावड़। वर्षों से लगने वाला ऐतिहासिक रक्षाबंधन मेला प्रशासन की लापरवाही के कारण अव्यवस्थाओं में है। इस बार मेला वालंटियर के भरोसे है। पीएसी व महिला पुलिसकर्मियों के न होने के कारण मेले में छेड़छाड़ की घटनाएं हो रही है।
बताते चले कि नगर में वर्षों से रक्षाबंधन पर्व पर हर वर्ष मेला लगता है। शुरूआत से ही मेले में पीएसी, पुलिस बल व महिला पुलिसकर्मियों के साथ-साथ ट्रैफिक पुलिस की भी तैनाती कर दी जाती थी। लेकिन इस बार मेला राम भरोसे है। दरअसल पहले से ही लावड़ पुलिस चौकी पुलिस सिपाहियों की कमी से जूझ रही है। मेले को देखते हुए अधिकारियों को पीएसी व महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती के लिए प्रस्ताव भेजा गया था। मेले के तीसरे दिन भी पीएसी व महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती नहीं हो सकी है। शुक्रवार देर रात पुलिस ने मेले में व्यवस्था बनाए रखने के लिए वालंटियर की तैनाती की। कस्बे के 10 युवाओं को वालंटियर की जिम्मेदारी सौंपी गई है। जो मेले की व्यवस्था को देख रहे है। वहीं ट्रैफिक पुलिस न होने के कारण मेले में वाहनों के आवागमन को रोकने के लिए मुख्य द्वार पर सफाईकर्मियों की तैनाती की गई है। इसको लेकर शनिवार को भाजपा नेता अनुज शर्मा के नेतृत्व में पूर्व सभासद अधिशासी अधिकारी सुधीर कुमार से मिले और उन्हें ज्ञापन सौंपा। उन्होंने जल्द पीएसी व महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती कराएं जाने की मांग की। अधिशासी अधिकारी ने फोन पर एसडीएम सरधना से वार्ता की। एसडीएम ने जल्द ही पीएसी व महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती करने का आश्वासन दिया। एसडीएम अमित कुमार भारतीय ने बताया कि जल्द ही पीएसी व महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती कर दी जायेगी।