मोदीपुरम। दिसंबर व जनवरी की कड़ाके की ठंड के बाद अब गर्मी अपना रंग दिखाने को तैयार है। मौसम वैज्ञानिकों की मानें तो अगले सात दिनों में पारा 30 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है।
बृहस्पतिवार का दिन फरवरी का सबसे गर्म दिन रिकॉर्ड किया गया। शुक्रवार को 8 से लेकर 12 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से हवा चली, जिस कारण दिन के अधिकतम तापमान में 2.3 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई, परंतु अभी भी यह तापमान सामान्य से 3 डिग्री अधिक दर्ज किया है। मौसम कार्यालय पर शुक्रवार को दिन का अधिकतम तापमान 24.3 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 12.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आर्द्रता अधिकतम 78 व न्यूनतम 29 प्रतिशत दर्ज की गई। मेरठ का वायु गुणवत्ता सूचकांक शुक्रवार को 150 के स्तर पर पहुंच गया। आईआईएफएसआर के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एन सुभाष का कहना है कि दिन और रात का तापमान सामान्य से अधिक चल रहा है। आने वाले सात दिनों में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है।