मोदीपुरम। दो दिन हुई बारिश के बाद शनिवार सुबह से ही चटख धूप निकलने से तापमान बढ़ गया। उमस के साथ ही गर्मी भी बढ़ गई है। मानसून के दोबारा रफ्तार पकड़ने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई थी। लेकिन शनिवार को मौसम का मिजाज बदला-बदला सा रहा। आसमान पर बादल छाए रहे तो तेज धूप से गर्मी का असर बढ़ा रहा। मौसम कार्यालय पर अधिकतम तापमान 33.0 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 24.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आर्द्रता अधिकतम 82 व न्यूनतम 65 प्रतिशत रही। हवा की रफ्तार चार किमी प्रति घंटा रही। मौसम वैज्ञानिक डॉ. एन. सुभाष के अनुसार मानसून अभी सक्रिय है। जल्द अच्छी बारिश होगी। मौसम में लगातार बदलाव देखने को मिल रहा है। कभी बारिश तो कभी तेज धूप से मौसम का असर मिलाजुला बना है।