मेरठ। लोहियानगर से बुधवार देर रात से लापता किशोरी का तीन दिन बाद भी सुराग नहीं लग सका है। पुलिस ने शुक्रवार को 70 से ज्यादा ट्रक चालकों से भी पूछताछ की, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। पुलिस ने अब तक 50 से भी अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाल ली हैं। जहां-जहां से किशोरी निकली, वहां की फुटेज देखी जा रही है।
दरअसल, जाहिदपुर बढ़ेरा की 14 वर्षीय किशोरी बुधवार रात लापता हो गई थी। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे खंगाले, जिसमें किशोरी रात करीब दो बजे सड़क पर दौड़ते हुए दिखाई दी। तीन युवक उसका पीछा कर रहे थे। कुछ देर बाद तीनों युवक तो वापस आते दिखाई दिए, लेकिन किशोरी का कुछ पता नहीं चला। परिजनों ने तीनों युवकों पर ही बेटी के अपहरण का आरोप लगाकर लोहियानगर थाने में केस दर्ज कराया। सीओ कोतवाली अमित कुमार राय ने बताया कि छानबीन में किशोरी की आखिरी लोकेशन किठौर मिली है। आखिरी बार वहीं के सीसीटीवी कैमरे में वह हापुड़ की ओर जाती दिखी है। लोहिया नगर थाना प्रभारी कृष्ण पाल सिंह का कहना है कि तीन टीमें काम कर रही हैं। किशोरी स्वयं एक ट्रक में लिफ्ट लेकर ट्रक से हापुड़ की ओर जाते हुए नजर आ रही है।
एल. ब्लाक से ट्रक में बैठी किशोरी
सीओ कोतवली अमित कुमार राय ने बताया कि देर रात 3:30 बजे किशोरी एल ब्लॉक से ट्रक में बैठी। वह किठौर में सुबह 4:44 बजे उतर गई। इसके बाद से उसका कोई सुराग नहीं लग रहा है। तीन युवक सिकंदर, मोहित और निक्की है। पुलिस ने उनसे भी कोई पूछताछ नहीं की है। सीओ का कहना है कि फिलहाल किशोरी को बरामद करने पर फोकस है। इसके बाद किशोरी के बयान के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
सीसीटीवी फुटेज में किशोरी ट्रक पर चढ़ते हुए दिखाई दे रही है। ट्रक के नंबर से लोकेशन निकाली तो वह किठौर की निकली। यहां किशोरी ट्रक से उतर गई और हापुड़ रोड जाती दिखी है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। जल्द ही बरामद कर लिया जाएगा। - पीयूष सिंह, एसपी सिटी