सरधना। गांव गढ़ी दबथुवा में रंजिश के चलते किशोरी को अपने पालतू कुत्ते से कटवा दिया। विरोध करने पर आरोपियों ने घर में घुसकर मारपीट कर दी। थाने पहुंचे पीड़ित पक्ष ने आरोपियों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया।
गढ़ी दबथुवा निवासी अनुष्का पुत्र सूरजबीर ने शिकायत में बताया कि उनके घर में दो दरवाजे लगे हुए हैं। पड़ोसी इसका विरोध करते हैं। सोमवार को उसकी माता मुकेश व पिता सूरजबीर बाहर गए हुए थे। तभी वह घर के बाहर खड़ी थी। आरोप है कि पड़ोसियों ने उसे अपने पालतू कुत्ते से कटवा दिया। विरोध करने गई तो आरोपियों ने घर में घुसकर लाठी-डंडे से मारपीट शुरू कर दी। शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीणों को आते देख आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने पीड़ित को जांच के बाद कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
पीड़िता ने पुलिस से गुहार लगाते हुए बताया कि दो माह पहले भी आरोपियों ने नाली के विवाद में मारपीट की थी। इस मामले में पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की है। पीड़ित पक्ष ने एसएसपी से शिकायत करने की बात कही है। सीओ संजय कुमार जायसवाल का कहना है कि पीड़ित पक्ष की तहरीर पर मामले की जांच कराई जा रही है।