सरधना। सेंट जेवियर्स वर्ल्ड स्कूल के शिक्षकों ने हाल ही में दिल्ली में एनसीईआरटी का शैक्षिक भ्रमण किया। इस दौरान उन्हें ऑडियो-वीडियो प्रयोगशालाओं, अत्याधुनिक हाई-टेक लैब्स, स्टूडियो, रिकॉर्डिंग रूम तथा अन्य नवोन्मेषी सुविधाओं का अवलोकन एवं विश्लेषण किया।
शिक्षकों ने एनसीईआरटी की अभिनव पहल जादुई पिटारा पर आधारित एक विशेष कार्यशाला में भी भाग लिया। यह कार्यक्रम विशेष रूप से बालवाटिका के विद्यार्थियों हेतु विकसित किया गया है, जिसमें संवादात्मक एवं गतिविधि-आधारित शिक्षण सामग्री सम्मिलित है। यह सामग्री बच्चों के समग्र विकास को ध्यान में रखकर तैयार की गई है। इस भ्रमण ने शिक्षकों को आधुनिक तकनीकों और रचनात्मक उपकरणों के शैक्षिक उपयोग के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान की। विद्यालय के डायरेक्टर ठाकुर प्रीतीश कुमार सिंह, मैनेजर श्री शालविक जैन, शिवानी जैन एवं प्रधानाचार्य डॉ. रोहित मेहरा ने इस शैक्षणिक पहल की सराहना करते हुए कहा कि भविष्य में भी इस प्रकार के शैक्षणिक भ्रमण एवं कार्यशालाओं का आयोजन नियमित रूप से किया जाएगा, ताकि शिक्षकों को निरंतर नवीनतम शैक्षिक प्रवृत्तियों से जोड़ा जा सके।