सरूरपुर (मेरठ)। क्षेत्र के कस्बा हर्रा स्थित प्राथमिक विद्यालय की शिक्षिका प्रतिभा रानी भारती का चयन राज्यपाल अध्यापक पुरस्कार के लिए किया गया है। शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य, शिक्षण व्यवस्था में सुधार और विद्यालय में किए गए नवाचारों के लिए उन्हें इस प्रतिष्ठित सम्मान के लिए चुना गया है। उनके चयन की जानकारी मिलने पर साथी शिक्षकों, अभिभावकों और क्षेत्र के लोगों ने खुशी जताते हुए उन्हें बधाई दी।
प्रतिभा रानी भारती ने विद्यालय में बच्चों की शिक्षा को रोचक और प्रभावी बनाने के लिए विभिन्न नवाचारों और गतिविधियों को अपनाया। उन्होंने बच्चों में सीखने की रुचि बढ़ाने के साथ ही विद्यालय के शैक्षिक वातावरण को बेहतर बनाने पर विशेष जोर दिया। शिक्षण कार्य के साथ बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए भी लगातार प्रयास किए गए। उनके इन प्रयासों को शिक्षा विभाग की ओर से भी सराहा गया।
विज्ञापन
राज्यपाल अध्यापक पुरस्कार के लिए चयनित होने पर शिक्षकों का कहना है कि इस तरह के सम्मान से शिक्षकों को अपने विद्यालयों में बेहतर कार्य करने और नए प्रयोग करने की प्रेरणा मिलती है। प्रतिभा रानी भारती के चयन से क्षेत्र के शिक्षकों और विद्यालय परिवार में भी उत्साह का माहौल है। राज्यपाल अध्यापक पुरस्कार प्राप्त करने वाले शिक्षकों को शासन की ओर से निर्धारित सम्मान एवं सुविधाएं प्रदान की जाती हैं। राज्यपाल अध्यापक सम्मान के बाद शिक्षिका को वेतन में बढ़ोतरी, रोडवेज बसों में आरक्षण व मुफ्त यात्रा जैसी सुविधा मिलेगी।
खंड शिक्षा अधिकारी सुदर्शन लाल प्रतिभा रानी भारती को बधाई देते हुए कहा कि उनका चयन क्षेत्र के लिए गौरव की बात है। उनके प्रयास अन्य शिक्षकों को भी विद्यालयों में बेहतर शिक्षण व्यवस्था और नवाचार अपनाने के लिए प्रेरित करेंगे।