मेरठ। रोहटा थाना क्षेत्र के कल्याणपुर गांव निवासी सरकारी शिक्षक जितेंद्र पाल सिंह से साइबर आरोपियों ने ऑनलाइन ट्रेडिंग में मुनाफे का झांसा देकर 58 लाख रुपये की ठगी कर ली। साइबर आरोपियों ने शिक्षक को पुलिस में सूचना देने पर जान से मारने की धमकी दी थी। साथ ही शिक्षक को हत्या का वीडियो भेजकर डराया था। शिक्षक ने बृहस्पतिवार को साइबर थाने पर तहरीर देते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई । पुलिस अधीक्षक क्राइम अवनीश कुमार का कहना है कि मामले को लेकर जांच की जा रही है। जल्द मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।
क्रिप्टो करेंसी में मुनाफे का झांसा देकर 77.60 लाख ठगे
मेरठ। मेडिकल थाना क्षेत्र के जागृति विहार निवासी मयंक भारद्वाज से क्रिप्टो करेंसी में मुनाफे का झांसा देकर साइबर ठगों ने 77.60 लाख रुपये ठग लिए। पीड़ित ने ऑनलाइन मुनाफे का पैसा निकालने का प्रयास किया तो साइबर आरोपियों ने अधिक पैसे की मांग करते हुए झूठे केस में फंसने की धमकी दी। पीड़ित ने साइबर थाने पर तहरीर देते हुए कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने साइबर आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर दी। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।