फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मवाना में टैक्सी चालक की गला रेतकर हत्या

Sun, 14 Apr 2019 03:46 AM IST
Gaurav sharma न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मेरठ
विज्ञापन
मेरठ - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
 मवाना में शनिवार को सूफियान नाम के टैक्सी चालक की गला रेतकर हत्या कर दी गई। बुकिंग पर जाने की बात कहकर सुबह को निकले चालक का शव करीब पांच घंटे बाद निर्माणाधीन कॉलोनी में खून से लथपथ हालत में उसी की गाड़ी के पास मिला। गाड़ी से चुनरी और अन्य साक्ष्य मिलने से वारदात में किसी महिला या नजदीकी का हाथ माना जा रहा है। खुलासे की मांग को लेकर परिजनों और ग्रामीणों की पुलिस से तीखी नोकझोंक और धक्कामुक्की हो गई।
विज्ञापन

पुलिस के अनुसार मवाना थाना अंतर्गत गांव सठला निवासी सूफीयान (25) पुत्र मोहतरम खान गांव के ही निवासी शकील के साथ पार्टनरशिप में टैक्सी चलाता था। दोनों के पास पांच गाड़ियां थीं। सात भाई-बहनों में तीसरे नंबर के सूफियान की गांव की युवती से ढाई माह बाद शादी होनी थी। शनिवार सुबह करीब सात बजे सूफियान ईको गाड़ी लेकर गांव से चला था। लगभग 8 बजे मवाना पहुंचने पर उसने पार्टनर शकील को मीरापुर बुकिंग में जाने की बात कही। इसके बाद उसका शकील से संपर्क नहीं हुआ। दोपहर लगभग एक बजे सूफियान का शव भैंसा रोड स्थित निर्माणाधीन इस्माईल गार्डन में पड़ा मिला। सूचना पर एसपी देहात अविनाश पांडेय, सीओ मवाना यूएन मिश्र और एसओ मवाना संजय कुमार फोरेंसिक एक्सपर्ट के साथ पहुंचे। एसओ ने बताया कि सूफियान की गला रेतकर हत्या की गई थी। सूफियान का शव उसकी गाड़ी के पास ही पड़ा मिला। उसकी कलाई घड़ी, पर्स में रुपये और कागजात सुरक्षित मिले। पुलिस ने कागजों से शनाख्त कर परिजनों को सूचना दी।
परिजन और ग्रामीण भड़के
सूफियान का शव मिलने की सूचना पर परिजनों में कोहराम मच गया। परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। शव देखकर परिजन भड़क गए और घटना का तुरंत खुलासा करने की मांग को लेकर पुलिस से भिड़ गए। ग्रामीणों ने नारेबाजी कर जाम लगाने की कोशिश की। पंचनामा भी नहीं भरने दिया। एसपी देहात ने भीड़ को समझाने का प्रयास किया तो उनके साथ धक्कामुक्की कर दी गई। करीब दो घंटे तक बखेड़ा चलता रहा। बाद में एसपी देहात और नगर पालिका चेयरमैन अयूब कालिया ने किसी तरह भीड़ को समझाकर और लाठी फटकारकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
विज्ञापन

सितारे टूटे थे, धागे खिंचे मिले
एसपी देहात के अनुसार कई बिंदुओं पर जांच की जा रही है। मौके से मिली चुनरी के सितारे टूटे हुए थे जबकि धागे खिंचे हुए थे। माना जा रहा है कि घटना के दौरान सूफियान के साथ गाड़ी में कोई महिला या युवती रही होगी। ऐसा उसके साथ खींचतान में हो सकता है। वहीं, जांच का विषय यह भी है कि जब सूफियान मीरापुर बुकिंग पर जाने की बात कह रहा था तो वह भैंसा रोड पर निर्माणाधीन कॉलोनी में क्यों पहुंचा। सूफियान के चाचा मुुस्लिम ने गाड़ी बुक कराने वाले पांच युवकों के खिलाफ तहरीर दी है। तीन लोगों को पुलिस हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। मोबाइल की कॉल डिटेल में भी नंबर संदिग्ध पाए गए हैं।
अकड़ा मिला सूफियान का शव
पुलिस के अनुसार पूछताछ में बताया गया कि सूफियान शनिवार सुबह आठ बजे घर से निकला था जबकि दोपहर एक बजे उसका शव अकड़ा मिला। ऐसे में विरोधाभास सामने आ रहा है क्योंकि 4-5 घंटे में शव कैसे अकड़ सकता है। एसपी देहात का मानना है कि हत्यारे एक से अधिक रहे होंगे, जो नजदीकी भी हो सकते हैं।
बस्ती के बीच हत्या, सब बेखबर
निर्माणाधीन कॉलोनी इस्माईल गार्डन में कई लोग मकान बनाकर रह रहे हैं। बड़ा सवाल यह है कि जिस जगह पर सूफियान का शव पड़ा हुआ था, वहां आसपास दो-तीन परिवार रह रहे है। उसका गला रेता गया था। लेकिन इतना सब कुछ हो जाने के बाद भी इन परिवारों को भनक तक नहीं लगी।

जल्द कर देंगे खुलासा
टैक्सी चालक सूफियान की हत्या के संबंध में महत्वपूर्ण साक्ष्य हाथ लगे हैं। हत्या का केस दर्ज कर लिया है। जल्द ही घटना का खुलासा कर देंगे। - अविनाश पांडेय, एसपी देहात

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें