-प्रेम प्रसंग के चलते पत्नी ने प्रेमी और उसके साथी के साथ मिलकर की थी हत्या
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। लोहियानगर थाना क्षेत्र की जाकिर कॉलोनी में हुई तालिब की मौत के मामले में पुलिस ने बृहस्पतिवार को उसकी कब्र खुदवाकर शव बाहर निकलवाया। एसडीएम बुढ़ाना बृजेश कुमार व सीओ बुढ़ाना गजेंद्र कुमार की मौजूदगी में रसूलपुर दभेड़ी से शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही तालिब की मौत का असली कारण स्पष्ट होगा। उधर, शव कब्र से बाहर निकाले जाने की सूचना पर मौके पर मृतक के परिजन व ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने शव को कब्र से बाहर निकालने की वीडियो ग्राफी कराई। पुलिस मामले को लेकर गंभीरता से जांच कर रही है।
जाकिर कॉलोनी निवासी तालिब मूल रूप से जनपद मुजफ्फरनगर के बुढ़ाना थाना क्षेत्र के गांव रसूलपुर दभेड़ी गांव का रहने वाला था। करीब चार वर्ष पहले उसका निकाह यहां मेरठ में ब्रह्मपुरी निवासी इलमा से हुई थी। शादी के बाद से वह जाकिर कॉलोनी में किराये के मकान में रहकर राजमिस्त्री का काम करता था। आरोप है कि इसी दौरान इलमा का अमन नाम के युवक से प्रेम प्रसंग हो गया। तालिब को इसकी जानकारी हुई तो उसने अमन से पत्नी से बातचीत करने से मना किया था।
पुुलिस के अनुसार, गत 28 सितंबर को तालिब काम खत्म करने के बाद शाम को घर पहुंचा था। आरोप है कि रात में इलमा ने अपने प्रेमी अमन और उसके साथी के साथ मिलकर तालिब का गला दबा दिया। इससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद इलमा ने तालिब के परिजनों को फोन कर बताया कि उसकी हार्ट अटैक से मौत हो गई है। सूचना मिलने पर परिजन जाकिर कॉलोनी पहुंचे और शव को रसूलपुर दभेड़ी गांव ले गए थे। इलमा भी ससुराल चली गई थी। वहां परिजनों ने बिना पोस्टमार्टम कराए तालिब के शव को दफना दिया था। सीओ कोतवाली संग्राम सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण स्पष्ट होगा। आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। आरोपियों के खिलाफ हत्या की नामजद प्राथमिकी दर्ज है। पुलिस आरोपियों की तलाश में लगी है।
-मोबाइल ने खोला राज, चैट से गहराया था शक
30 सितंबर को इलमा वापस जाकिर कॉलोनी आ गई थी। एक अक्तूबर को तालिब के मामा का बेटा रईस जाकिर कॉलोनी पहुंचा और इलमा से तालिब का मोबाइल मांगा था। आरोप है कि इलमा ने मोबाइल देने से इंकार कर दिया था। इस पर उसे शक हुआ और उसने घर से तालिब का मोबाइल बरामद कर लिया था। मोबाइल की जांच करने पर उसमें अमन और इलमा के बीच हुई बातचीत की चैट मिली थी। परिजनों के मुताबिक चैट में तालिब ने अमन को अपनी पत्नी से बातचीत करने से मना किया था। मोबाइल में मिली बातचीत के बाद परिजनों को तालिब की मौत पर संदेह हुआ और उन्होंने पुलिस को मामले की जानकारी दी थी।