- जांच रिपोर्ट के बाद स्टेडियम में ट्रैक पर शुरू होंगी खेल गतिविधियां
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। अब कुछ ही दिनों में कैलाश प्रकाश स्पोर्ट्स स्टेडियम में बने सिंथेटिक ट्रैक पर एथलीट अभ्यास करते नजर आएंगे। यहां राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताएं हो सकेंगी। शनिवार को आईआईटी कानपुर की टीम सिंथेटिक ट्रैक का निरीक्षण करेगी। टीम की रिपोर्ट के बाद यहां खेल गतिविधियां शुरू होंगी। कार्यदायी संस्था की ओर से भी ट्रैक के बाकी पड़े सभी कार्यों को पूरा कर दिया गया है।
जनवरी 2024 में शासन ने सिंथेटिक ट्रैक की मंजूरी दी। निर्माण के लिए पहली किस्त के रूप में 4.28 करोड़ रुपये मंजूर किए गए। ट्रैक के लिए यूपीपीसीएल कंपनी चयनित की गई। कंपनी ने नवंबर 2024 में ट्रैक कार्य शुरू कर दिया। पहले दिंसबर 2025 तक कंपनी को कार्य पूरा करना था लेकिन खराब मौसम और अन्य कारणों के चलते कार्य पूरा नहीं हो सका। इसके बाद कंपनी की ओर से जनवरी 2026 तक का समय शासन से मांगा गया। कंपनी को इसके लिए 8.56 करोड़ रुपये दिए गए। बीते माह कंपनी की ओर से ट्रैक का कार्य पूरा कर दिया गया। अब ट्रैक का निरीक्षण किया जाना है। यहां 400 मीटर का सिंथेटिक ट्रैक, शॉटपुट, लॉंग जंप, हाईजंप, डिस्कस थ्रो, भाला फेंक आदि इवेंट के ट्रैक को भी सिंथेटिक से तैयार किया गया है। आठ लेन ट्रैक तैयार हो चुका है। इस पर 100, 200, 400, 800, 1500, 3000 और 10 हजार मीटर की दौड़ हो सकेंगी। इसके अलावा कई अन्य इवेंट भी ट्रैक पर होंगे।
पहले सीडीओ ने किया था निरीक्षण
निर्माणदायी संस्था की अधिशासी अभियंता कविता चौहान ने बताया कि बीते दिनों सीडीओ नूपुर गोयल ने सिंथेटिक ट्रैक का निरीक्षण किया था और तकनीकी टीम से ट्रैक के निरीक्षण के निर्देश दिए थे। अब 25 अप्रैल को आईआईटी कानपुर टीम सुबह स्टेडियम पहुंचेगी। टीम की रिपोर्ट के बाद ही खेल गतिविधियां शुरू होंगी।