मेरठ। कैलाश प्रकाश स्पोर्ट्स स्टेडियम में सिंथेटिक ट्रैक का निर्माण कार्य लगभग पूरा हो गया है। निर्माणाधीन कंपनी इसी माह इसे स्टेडियम को हैंडओवर कर देगी। इससे हजारों एथलीटों को बड़ा लाभ मिलेगा।
यह ट्रैक 2024 में लगभग 8.58 करोड़ रुपये की लागत से बनना शुरू हुआ था। इसमें 8 लेन का 400 मीटर रनिंग ट्रैक और पॉल वॉल्ट ट्रैक शामिल है। यूपीपीसीएल कंपनी यह कार्य कर रही थी। इसे जुलाई 2025 तक पूरा होना था, लेकिन बरसात के कारण देरी हुई। कंपनी ने दिसंबर 2025 तक कार्य पूरा करने का वादा किया था। देरी के चलते खेल निदेशालय ने कंपनी पर जुर्माना भी लगाया। अब मार्किंग का कार्य भी चल रहा है। उम्मीद है कि होली के बाद तीन दिन में बाकी फिनिशिंग पूरी हो जाएगी। इसके बाद ट्रैक क्षेत्रीय खेल कार्यालय को मिल जाएगा। इसी सप्ताह से खिलाड़ी यहां अभ्यास करते नजर आएंगे।
खिलाड़ियों को मिलेगा बड़ा फायदा
मेरठ के आसपास के जिलों जैसे बागपत और हापुड़ से भी खिलाड़ी यहां अभ्यास करने आते हैं। वर्तमान में 500 से अधिक एथलीट यहां तैयारी करते हैं। सिंथेटिक ट्रैक बनने से एथलीटों की संख्या में वृद्धि होगी। खिलाड़ियों को अभ्यास के लिए अब बाहर नहीं जाना पड़ेगा। वे मेरठ में ही बेहतर सुविधा पा सकेंगे। इससे मेरठ के खिलाड़ियों को अधिक पदक जीतने में मदद मिलेगी।