खतरनाक हुआ स्वाइन फ्लू, तीन की मौत
मेरठ। स्वाइन फ्लू खतरनाक होता जा रहा है। इससे तीन और लोगों की मौत हो गई है। मौत की पुष्टि बृहस्पतिवार को हुई। स्वाइन फ्लू से मेरठ जिले में मरने वालों की संख्या छह हो गई है।
मृतकों में लालकुर्ती क्षेत्र निवासी 72 साल के वृद्ध, लिसाड़ीगेट निवासी 22 साल की महिला और भावनपुर क्षेत्र का 46 वर्षीय व्यक्ति है। महिला का दिल्ली में इलाज चल रहा था। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। उसके पति और परिवार के अन्य सदस्यों को टेमी फ्लू की दवाइयां दी गई हैं। भावनपुर क्षेत्र के व्यक्ति की मृत्यु कई दिन पहले हो गई थी। सीएमओ डॉ. राजकुमार ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की टीम उन मरीजों की निगरानी करती है, जिन्हें स्वाइन फ्लू होता है। कई बार निजी अस्पतालों से स्वाइन फ्लू के मरीजों की सूचना समय से नहीं मिल पाती है। ऐसे में कई मरीजों में स्वाइन फ्लू होने का पता मृत्यु के बाद चला।
दूसरी तरफ, आठ और मरीजों में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई है। इनमें पांच मरीज मेरठ, दो मुजफ्फरनगर और एक मुरादाबाद का रहने वाला है। इनके सैंपल की जांच मेडिकल की माक्रोबायोलॉजी लैब में की गई। मरीजों में भावनपुर, शास्त्रीनगर, करीमगनर, रजबन और पीएसी के रहने वाले हैं। मेरठ में अब तक 52 लोगों को स्वाइन फ्लू हो चुका है।
चीन से आए 13 लोगों की निगरानी जारी
मेरठ। चीन से आए 13 लोगों की निगरानी जारी है। यहां 90 से ज्यादा लोग चीन से आए थे। इसके अलावा चीन में फंसा पीयूष भारत वापस आ गया है। वह पिछले करीब एक माह से चीन में क्रूज पर फंसा हुआ था।