संवाद न्यूज एजेंसी
मोदीपुरम। उत्तर प्रदेश बैडमिंटन एसोसिएशन की ओर से गाजियाबाद के महामाया स्टेडियम में 12 से 14 सितंबर तक आयोजित उत्तर प्रदेश राज्य स्तरीय वेटरंस बैडमिंटन प्रतियोगिता में मोदीपुरम की खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। एटूजेड कॉलोनी निवासी सुनीता राणा बड़गोती और सोनाली सिन्हा की जोड़ी ने 35+ प्लस महिला डबल्स वर्ग में रजत पदक हासिल किया। दोनों ने फाइनल में जगह बनाई और उपविजेता रहीं। 35+ और उससे अधिक आयु वर्ग में करीब 350 महिला और पुरुष खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता में सिंगल्स, डबल्स और मिक्स्ड डबल्स वर्ग के मुकाबले कराए गए।
महिला डबल्स में सुनीता राणा बड़गोती और सोनाली सिन्हा ने शुरुआत से ही शानदार प्रदर्शन किया। दोनों खिलाड़ियों ने मुकाबलों में बेहतर तालमेल और रणनीति के साथ खेलते हुए प्रतिद्वंद्वियों को कड़ी चुनौती दी। सुनीता राणा बड़गोती ने बताया कि वह आर्मी स्कूल मेरठ कैंट में शिक्षिका हैं। स्कूल की व्यस्त दिनचर्या के बावजूद वह बैडमिंटन के लिए नियमित रूप से अभ्यास करती हैं। सुनीता और सोनाली दोनों मोदीपुरम स्थित विहान प्लेफिट में अभ्यास करती हैं।