पुलिस मुठभेड में घायल सुनील को गोली मारने वाला आरोपी। (स्त्रोत पुलिस) मवाना।
मवाना। मोहल्ला तिहाई जुड्डी निवासी सुनील कुमार को गोली मारकर हत्या करने का आरोपी कैफ पुलिस मुठभेड़ में रविवार शाम पैर में गोली लगने से घायल हो गया। आरोपी के पास से तमंचा और बाइक बरामद हुई है। अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस लगी हुई है।
मोहल्ला तिहाई निवासी सुनील मंगलवार की शाम अपने घर के बाहर आसपास के लोगों के साथ बैठा था। उसी दौरान तेज गति में बाइक लेकर तीन युवक आए। जिनको आराम से बाइक चलाने के लिए कहा तो उनमें से एक युवक ने बाइक से उतरकर फायरिंग कर दी थी। सिर में गोली लगने से घायल सुनील मेरठ में अस्पताल में भर्ती कराया गया था। पुलिस ने उसकी पत्नी की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी। शुक्रवार की दोपहर सुनील की इलाज के दौरान मौत हो गई थी।
पुलिस क्षेत्राधिकारी अभिषेक पटेल ने बताया कि रविवार शाम पुलिस नहर पटरी पर चेकिंग कर रही थी। कुड़ी की झाल से मवाना की ओर जाने वाले मार्ग पर एक संदिग्ध बाइक सवार आता दिखा। रुकने का इशारा करने पर आरोपी वापस भागने लगा। पीछा करने पर आरोपी ने पुलिस पर फायर किया। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली लगने से घायल हो गया। आरोपी ने अपना नाम कैफ निवासी ऊंट वाली गली मोहल्ला मुन्नालाल बताया।
आरोपी के पास से तमंचा, कारतूस और बिना नंबर की बाइक बरामद हुई। आरोपी ने बताया कि उसने अपने साथी सुहेल उर्फ डेविल निवासी डाकखाने वाली गली मोहल्ला मुन्नालाल, असद उर्फ बल्लू निवासी होली चौक मोहल्ला तिहाई, आन उर्फ कुमैल जैदी निवासी होली चौक मोहल्ला तिहाई के साथ सुनील को गोली मारी थी। घायल को सीएचसी में भर्ती कराया गया। अन्य दो आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के प्रयास में पुलिस जुटी हुई है।
-
टिंकू को मारने आए थे आरोपी
पूछताछ में आरोपी कैफ ने बताया कि सुनील के पड़ोस में रहने वाले टिंकू के यहां आरोपी असद व सुहेल का आना-जाना था। वह टिंकू के यहां पर सुल्फा आदि पीते थे। एक सप्ताह पहले सुहेल व असद का टिंकू से विवाद हो गया था। घटना वाले दिन वह लोग टिंकू को निपटाने के लिए आए थे, लेकिन टिंकू के साथ सुनील व अन्य लोग रास्ते में बैठकर मोबाइल पर पिक्चर देख रहे थे। जब ये लोग तेजी से बाइक से पहुंचे तो सुनील ने इन्हें टोकते हुए आराम से चलने को कहा था। असद व सुहेल ने एक-एक फायर किया, जिसमें एक फायर मिस हो गया और एक गोली सुनील को लगी थी।