आम पर सूंडी और हॉपर का हमला
माछरा/मुंडाली। आम की फसल पर सूंडी और चूसक कीट (हापर) ने हमला बोल दिया है। ऐसे में आम के उत्पादन पर कुप्रभाव नजर आ रहा है। फसल पकने के पहले ही कीटों के हमले से बागवान एवं ठेकेदार, चितिंत हैं। बागवान फसल को कीट से बचाने में लगे हैं।
माछरा ब्लॉक क्षेत्र आम के बागों के लिए प्रसिद्ध है। इस क्षेत्र का आम विदेशों तक सप्लाई किया जाता है। क्षेत्र के माछरा, शाहजहांपुर, किठौर, महलवाला, नंगली किठौर, शोल्दा, बहरोड़ा, कासमपुर, नंगली अब्दुल्ला, अमरपुर, खंद्रावली, भटीपुरा, मेघराजपुर, जिसोरा, मउखास, सिसौली, मानपुर, सिंहपुर, दबथला आदि गांवों की जमीन में आम के बागान हैं। इस समय आम के पेड़ों पर फल बन गया है। आम के फल को देखकर बागवान के चेहरे खिले हैं। वहीं, फसल पर कीट ने हमला बोल दिया है। आम पर सूंडी और चूसक कीट (हॉपर) ने पैर पसार लिये हैं। बाग मालिक एवं ठेकेदार संजय शर्मा, प्रदीप कुमार, निजाम, प्रसन्नजीत आदि ने बताया कि आम की नई कोपल पर कीटों ने हमला कर दिया है। बताया कि यह चूसक कीट बहुत छोटे होते हैं। फसल पर हमला कर यह कीट पत्तियों का रस चूस लेते हैं। पत्ती सूखने लगती हैं और फल को प्रभावित करती हैं। चूसक कीट पत्तियों पर तरल का पदार्थ छोड़ता है। इससे पत्तियों पर परत बन जाती है। जिससे प्रकाश संश्लेषण की क्रिया प्रभावित होती है।
उद्यान निरीक्षक संजय कुमार ने बताया कि चूसक कीट (हॉपर), सूंडी कीट पर इनिडा क्लोप्रिड नामक रसायन के 100 मिली घोल को 200 लीटर पानी में मिलाकर छिड़काव दस दिन में दो बार करें। वहीं, सूंडी से बचाव के लिए क्यूनॉलफॉस रसायन के 100 मिली घोल को 100 लीटर पानी में मिलाकर छिड़काव करने से फसल कीट मुक्त हो सकती है। आम के छोटे फलों में कोयलिया या उतक क्षय रोग निवारण के लिए सुहागा आठ ग्राम प्रति लीटर का छिड़काव करें।