हस्तिनापुर। महाभारत कालीन ऐतिहासिक नगरी के पांडव टीले पर मौजूद प्राचीन जयंती माता शक्तिपीठ प्रांगण में हनुमान मंदिर में बड़े मंगलवार पर पूजन किया गया। इस अवसर पर हनुमान चालीसा, सुंदरकांड का पाठ किया गया। भक्तों ने आस्था, भक्ति और सेवा के साथ बड़ा मंगलवार मनाया। यहां पर दिनभर भक्तों के आवागमन का सिलसिला जारी रहा। प्राचीन जयंती माता शक्तिपीठ मंदिर के संस्थापक अध्यक्ष सुदेश कुमार ने बताया कि बड़ा मंगलवार को बुढ़वा मंगल भी कहा जाता है। मान्यता है कि इस दिन प्रभु श्रीराम से हनुमानजी की मुलाकात हुई थी। इसलिए हनुमान भक्तों के लिए बड़ा मंगल का विशेष महत्व है। उन्होंने बताया कि मंगलवार के विशेष आयोजन के लिए मंदिर में साज-सज्जा का भी विशेष ध्यान रखा गया था। सुबह को पूजा अर्चना के बाद बाबा का पंचामृत से अभिषेक किया जाएगा। इस अवसर पर पंडित दिनेश शर्मा, कृष्ण सैनी, चंद्र शुक्ला, ज्योति शर्मा, काजल शर्मा आदि मौजूद रहे। उन्होंने बताया कि मंदिर प्रांगण में मौजूद यह हनुमान मठ महाभारत कालीन है। आस्था और मान्यता के चलते यहां पर देशभर से श्रद्धालु पहुंचते हैं और मन्नत मांगते हैं।